Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बर्तन दुकान में चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  / जिला पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार 11 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल मोबाइल फोन के जरिए रुपये-पैसों का हार-जीत आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सट्टा खिलाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नगद तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1400 रुपये नगद बरामद किए। कुल 18 हजार 400 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते थे। सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम की दबिश के दौरान रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा