रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल ने की थी।
पुलिस के अनुसार, 12 मई को कटेल टिकरा जंगल में नग्न अवस्था में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतिका की पहचान आराधना सिदार निवासी केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई।
CCTV फुटेज और बाइक नंबर से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के कॉल डिटेल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बाइक पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका आराधना सिदार के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। वह पहले से विवाहित था और मृतिका लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने हत्या की साजिश रची।
लॉज में रुके, फिर जंगल ले जाकर की हत्या
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 10 मई को वह आराधना को बाइक से लेकर पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर गया। शाम को दोनों सक्ती के एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन आरोपी आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया और वहां पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को महिला की आवाज निकालकर कॉल भी करता रहा।
मोबाइल और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
