जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़ / शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भंवतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। अज्ञात हमलावरों ने देर रात घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग दंपती, उनके नाती और नातिन की हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक परिवार रात में भोजन करने के बाद घर में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुसे और टांगी समेत अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई, जब घर के भीतर कोई हलचल नहीं दिखी। आसपास के लोग जब घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल सरपंच और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70), उनकी पत्नी कांती बाई (65), नातिन मोगरा (25) और नाती पीतांबर (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों एक ही घर में रहते थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक मेदनी प्रसाद कश्यप के एक बेटे की करीब 16-17 साल पहले भी हत्या हो चुकी थी। ऐसे में इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
