जांजगीर-चांपा। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के अकलतरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मुड़पार स्थित रामसागर डेम से लंबे समय से रात के वक्त मिट्टी उत्खनन किए जाने का आरोप भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहनों के जरिए लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे डेम की सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
बताया जा रहा है कि जब ग्रामीण विरोध करने पहुंचे तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। इस दौरान भाजपा नेता और ग्रामीणों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार रामसागर डेम से पिछले कई महीनों से रातभर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र के लोग परेशान हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनवरी महीने में भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अवैध उत्खनन पर रोक और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में भाजपा से जुड़े नेता का नाम सामने आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन और खनिज विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।






