Slider

‘चमत्कार’ के नाम पर महिला से दुष्कर्म, ढोंगी बाबा हिमाचल से गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा/पामगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  चमत्कार और इलाज का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल करने वाले एक कथित ‘बाबा’ को पामगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र) है। पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र में आया और खुद को चमत्कारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था।

पीड़िता अपनी सहेली के साथ आरोपी से मिली, जहां उसने शरीर के दर्द का इलाज करने का भरोसा दिलाकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में आरोपी ने उसे बुलाकर अपने साथ जाने के लिए बहलाया और बिलासपुर होते हुए मध्यप्रदेश के मैहर ले गया। वहां होटल में ठहराकर इलाज के नाम पर बार-बार दुष्कर्म किया।

इसके बाद आरोपी पीड़िता को बिलासपुर छोड़कर फरार हो गया। घर लौटने के बाद भी वह लगातार फोन कर परेशान करता रहा। नंबर ब्लॉक करने पर आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश दी गई, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। (तस्वीर / AI द्वारा)

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com