फांसी की मांग: पांच साल की बच्ची से रेप, आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के उतई थाना क्षेत्र में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी धनेश्वर साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बच्ची स्कूल से घर लौटने के बाद पास की दुकान में चॉकलेट लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।  

जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों को एक कुएं के पास संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। बोरा खोलने पर उसमें बच्ची मिली, जिसका मुंह कपड़े से बंधा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची फिलहाल डरी हुई है और उसका इलाज जारी है। 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के पास पहुंचे और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। 

लाखों की चोरी का खुलासा, एक और आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / अमलेश्वर थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की है। इस प्रकरण में अब तक कुल 14 लाख 77 हजार 757 रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मोतीपुर निवासी प्रार्थी ने जनवरी माह में अपने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पहले ही तीन आरोपियों खिलेष दास मानिकपुरी, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव एवं तुलेश्वर उर्फ टिल्लू सोनकर को गिरफ्तार कर करीब 8.22 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी थी। 

विवेचना के दौरान आरोपी तुलेश्वर सोनकर से पूछताछ में सामने आया कि उसने चोरी का माल अपने परिचित गौरीशंकर खुटे को दे दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात एवं 2 लाख 18 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात और 2.18 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। इस तरह प्रकरण में कुल बरामद संपत्ति की कीमत 14.77 लाख रुपये से अधिक हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

राह रोककर लूटपाट, दो आरोपी व तीन बालक पकड़े गए


रायपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / मुजगहन थाना क्षेत्र में सेजबहार के पास देर रात हुई लूट और मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों समेत तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, दोपहिया वाहन और हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे प्रार्थी भूषण साहू अपने परिजनों के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स के पास दो बाइक पर सवार पांच आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर चाकू से धमकाया और प्रार्थी व उसके साथियों से मोबाइल, चेन, ताबीज और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान चेतन नामदेव को पकड़ा गया, जिसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद नितिन ध्रुव सहित तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, 2 मोबाइल फोन, चाकू और डंडा के अलावा लूट का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चेतन नामदेव पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। मामले में थाना मुजगहन में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नशामुक्त अभियान: 30 मामलों में चालानी कार्रवाई, तंबाकू बिक्री पर शिकंजा


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने कोटपा एक्ट के तहत सख्त अभियान चलाया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान में चौक-चौराहों, पान ठेलों, होटलों और ढाबों पर व्यापक कार्रवाई की गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के नेतृत्व में चलाया गया।

अभियान के दौरान थाना खरसिया मदनपुर क्षेत्र में 20 और सिटी चौकी क्षेत्र में 10 प्रकरण दर्ज किए गए। कुल 30 मामलों में चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने दुकानदारों को खुलेआम सिगरेट, बीड़ी, गुटखा व तंबाकू उत्पाद बेचने तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर कार्रवाई की।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है।  स्कूल-कॉलेज के आसपास तंबाकू बिक्री अवैध है और नाबालिगों को तंबाकू बेचना दंडनीय अपराध की श्रेणी में है। कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस टीमों ने लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया और नशामुक्त समाज बनाने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com