Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रेलवे अफसर के सूने बंगले में बोला था धावा, CCTV ने खोल दी पोल

जांच में पता चला कि दोनों आरोपी पहले से ही चोरी के एक अन्य मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं।

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  रेलवे अफसर के सूने बंगले में चोरी का प्रयास करने वाले दो अंतरराज्यीय चोरों को तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर दुर्ग जेल से लाकर पूछताछ की गई और उनके कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को रेलवे विभाग के कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रेलवे कॉलोनी स्थित बंगला नंबर पीवी/10 में रहने वाले वरिष्ठ अधिकारी के स्थानांतरण के बाद मकान बंद था। 29 अप्रैल की सुबह अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर बंगले में प्रवेश किया, पूरे घर का सामान बिखेर दिया और कीमती सामान नहीं मिलने पर फरार हो गए।

मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी एक अन्य चोरी के मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं। इसके बाद प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें बिलासपुर लाकर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (32 वर्ष) निवासी मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा हासिम (24 वर्ष) निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनके खिलाफ दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर सहित दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा