Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

श्रद्धांजलि रैली बनी जनआंदोलन, नाबालिग ड्राइविंग पर सख्ती की उठी मांग

एक हादसे ने झकझोरा शहर, रुद्रप्रताप की याद में निकली विशाल रैली

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  रुद्रप्रताप शर्मा की असामयिक मृत्यु से उपजे शोक और आक्रोश ने एक विशाल जनआंदोलन का रूप ले लिया। टीम मानवता के नेतृत्व में निकली श्रद्धांजलि रैली में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिवंगत रुद्रप्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की और सड़क सुरक्षा तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

रैली में स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में श्रद्धांजलि संदेश और न्याय की मांग वाले पोस्टर लेकर लोगों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। 

क्या आपके बच्चे भी चलाते हैं गाड़ी? बिलासपुर के इस दर्दनाक हादसे और आक्रोशित भीड़ की मांग सुनकर दहल जाएगा दिल!

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है। उन्होंने कहा कि एक मां ने अपना इकलौता बेटा खो दिया और इस घटना ने सभी को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर नाबालिगों के हाथों में वाहन कैसे पहुंच रहे हैं।

सभा में वक्ताओं ने इस घटना को केवल सड़क दुर्घटना मानकर भुला देने के बजाय इसे सामाजिक चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और उससे होने वाली दुर्घटनाओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कई मामलों में अभिभावकों की लापरवाही भी सामने आती है, जब वे कम उम्र के बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति दे देते हैं।

रैली में शामिल नागरिकों ने कहा कि यदि समय रहते इस प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में और भी परिवार ऐसी त्रासदियों का सामना करेंगे। इसलिए कानून के कड़ाई से पालन के साथ-साथ परिवार और समाज की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।

टीम मानवता और रैली में शामिल लोगों ने प्रशासन एवं शासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

आपको बता दें कि शहर के वेयरहाउस रोड पर रविवार (12 जुलाई) सुबह हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय रूद्र की दर्दनाक मौत हो गई। वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ़ दिखाई पड़ा कि एक तेज रफ्तार कार के चालाक ने पहले स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारी और उसके बाद अनियंत्रित होकर एक स्कूल की मिनी बस से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए थे ।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा