राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / बसंतपुर थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,800 रुपये नकद, विवो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई की शाम वह मोहारा बायपास स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था। रास्ते में एक युवक ने मोहारा तक जाने के लिए लिफ्ट मांगी। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर पहले से मौजूद उसके दो साथियों ने मोटरसाइकिल रुकवा ली।
तीनों आरोपियों ने प्रार्थी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 1,800 रुपये नकद तथा विवो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर महज तीन घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर 1,800 रुपये नकद, विवो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-08-BG-7482 बरामद कर जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम पारेख (25), पुसउ कुमार साहू (26) और धीरज बारेकर (22) निवासी संजय नगर, लखोली, राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ थाना कोतवाली में मारपीट, चोरी तथा आबकारी अधिनियम के तहत पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
मामले में थाना बसंतपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 311 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक राजीव चंद्रा, गोवर्धन देशमुख, प्रधान आरक्षक सीमा जैन तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

