रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में बुधवार को नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य करने वाले विधायकों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, दोनों उपमुख्यमंत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और स्वस्थ संसदीय परंपराओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा लोकसेवा का केंद्र है और इसकी गरिमा जनप्रतिनिधियों के आचरण, व्यवहार और विचारों से तय होती है। उन्होंने पक्ष और विपक्ष के बीच समन्वय और सौहार्द को विधानसभा की सबसे बड़ी विशेषता बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि यह देश की पहली ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में प्रवेश करते ही विधायक स्वतः निलंबित हो जाते हैं, जो संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादा का अनूठा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निष्पक्ष संसदीय पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नए विधानसभा भवन के बाद नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण संस्थागत विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और जवाबदेही को बढ़ावा देने का माध्यम है।
समारोह में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं, दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण तथा आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का सांस्कृतिक आकर्षण प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा की प्रस्तुति रही। उनके भजनों ने पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

