बिलासपुर में एक शिक्षिका को मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर साइबर ठगों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने पांच किस्तों में 76,550 रुपये ट्रांसफर कर दिए, हालांकि समय पर साइबर पोर्टल में शिकायत करने से करीब 29 हजार रुपये होल्ड करा लिए गए।
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय शिक्षिका 4 जुलाई को स्कूल में थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने महिला पर अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपों और धमकी से घबराई शिक्षिका ने ठगों के कहने पर पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 76,550 रुपये उनके बताए खाते में भेज दिए।
रुपये भेजने के बाद भी जब ठग लगातार और पैसे मांगने लगे, तब शिक्षिका को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को जानकारी दी और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत भी दी।
समय पर शिकायत से बची रकम
साइबर पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगों के खाते में ट्रांसफर हुई राशि में से 28,993 रुपये होल्ड करा दिए। सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की पहचान और रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सावधान रहें: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अश्लील वीडियो, सीबीआई, पुलिस या अन्य एजेंसियों के नाम पर धमकी देकर पैसे मांगने वाले किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

.jpeg)