Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

66 लाख महिलाओं को बड़ा तोहफा, महतारी वंदन की 29वीं किश्त जारी

सीएम साय बोले- महतारी वंदन योजना महिलाओं के आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किश्त जारी करते हुए प्रदेश की 66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये अंतरित किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में चल रहे अभियान को छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दौरे के दौरान कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से उन्होंने छोटे व्यवसाय शुरू किए, सिलाई-कढ़ाई जैसे स्वरोजगार अपनाए तथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 'लखपति दीदी' सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए, विशेषकर बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता देने को कहा।

गौरतलब है कि 1 मार्च 2024 से लागू महतारी वंदन योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। सरकार का दावा है कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिला है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा