Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अब खेल में दम दिखाइए, सरकारी नौकरी पाइए... छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला

156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी सेवा का लाभ, खेल जगत ने किया स्वागत

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शुक्रवार को उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान एसोसिएशन ने राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों के हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

पदाधिकारियों ने विशेष रूप से 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर उन्हें शासकीय सेवा में लाभ देने के निर्णय का स्वागत किया। उनका कहना था कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवाओं का खेलों के प्रति रुझान और मजबूत होगा। उन्होंने इसे खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, संसाधन और सम्मान मिल सके तथा वे अपनी क्षमता का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

बैठक में ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा