रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए मृतक की पत्नी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद हत्या का मामला सामने आया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को ग्राम तराईमाल के धनवारपारा स्थित एक किराये के मकान में गनपती लाल भगत (50) का शव मिला था। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतक की पत्नी गंगाबाई भगत से पूछताछ की गई। पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का आरोप है कि पैतृक जमीन के अधिग्रहण के बदले मिली मुआवजा राशि, मृतक की कथित शराबखोरी तथा घरेलू विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव था। पुलिस का दावा है कि 23 जुलाई 2026 को हुए विवाद के बाद पत्नी और दो विधि से संघर्षरत बालकों ने कथित रूप से साड़ी और गमछे से गला घोंटकर गनपती लाल भगत की हत्या कर दी।
पुलिस का यह भी आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतक की कलाई पर ब्लेड से कट का निशान बनाया गया, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके।
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गंगाबाई भगत और दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

