Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में मामा-मामी को जेल

मामा-मामी पर लगा युवक को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप!

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / मस्तूरी थाना पुलिस ने एक युवक की आत्महत्या के मामले में उसके मामा और मामी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच के दौरान मिले तथ्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मृतक राहुल साहू (22 वर्ष) निवासी हिरी, थाना मस्तूरी ने 9 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली थी। मामले में मर्ग जांच के दौरान मृतक की माता और बहन के बयान दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बयान में आरोप लगाया कि मृतक के मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अम्बिका वैष्णव ने सरकारी रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे रुपये लिए थे। जब नौकरी नहीं लगी तो राहुल कई बार अपने पैसे वापस मांगने गया।

शिकायत के अनुसार, 9 मार्च को भी पैसे मांगने पर मामी ने कथित रूप से धमकी दी कि यदि वह बार-बार रुपये मांगने आएगा तो उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस कथित मानसिक प्रताड़ना और भय के कारण राहुल तनाव में था और उसी दिन उसने आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को उनके निवास से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया और 27 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा