Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बैगाकापा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0

‘वृक्ष मित्र वाहन’ के जरिए गांव-शहर में बांटे जाएंगे पौधे

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी विकासखंड के ग्राम बैगाकापा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0 एवं वन महोत्सव का शुभारंभ किया। राज्य सरकार के अनुसार, उन्होंने कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और जनजागरूकता के लिए ‘वृक्ष मित्र वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह वाहन गांवों और शहरों में जाकर नींबू, मुनगा, बिही, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण करेगा तथा नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चुनौती बन चुका है और इससे निपटने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ वर्षा जल संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़, पानी और पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और वर्षा जल बचाने की अपील की।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर कुंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा