Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

भगत की कोठी एक्सप्रेस में गहने चोरी मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार

₹4.50 लाख के स्वर्ण आभूषण चोरी मामले में आरपीएफ की बड़ी सफलता

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹4.50 लाख मूल्य के स्वर्ण आभूषण चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रेलवे के अनुसार, दोनों आरोपियों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी रायपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 जुलाई को गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में यात्रा के दौरान यात्री के स्वर्ण आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में जीआरपी रायपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल, नागपुर के मार्गदर्शन में पोस्ट प्रभारी गोंदिया के नेतृत्व में नागपुर मंडल की टास्क टीम और रायपुर मंडल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। रेलवे के अनुसार, जांच के दौरान संबंधित कोच के साथ-साथ गोंदिया, राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और निगरानी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जुलाई को डोंगरगढ़ में संदिग्ध नवीन पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर दूसरे संदिग्ध नितिन पटेल की पहचान की गई, जिसका हुलिया सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले व्यक्ति से मेल खाने का दावा किया गया है। रेलवे के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित रूप से चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों को जीआरपी रायपुर के सुपुर्द कर दिया गया, जहां मामले की आगे की जांच जारी है।

रेल सुरक्षा बल ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी संसाधनों और खुफिया तंत्र का उपयोग करते हुए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही यात्रियों और आम नागरिकों से अपराध संबंधी कोई भी जानकारी, फोटो या वीडियो उपलब्ध होने पर जांच एजेंसियों के साथ साझा करने की अपील की गई है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा