बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिविल लाइन थाना पुलिस ने व्यापार विहार क्षेत्र में कथित रूप से संचालित एक अवैध हुक्का बार पर छापेमार कार्रवाई करते हुए छह हुक्के सहित हुक्का संचालन में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार, मौके से दो आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेंट जेवियर्स स्कूल के पास स्थित एक भवन की तीसरी मंजिल पर श्रीकांत प्रजापति और सोनू दास मानिकपुरी कथित रूप से अवैध हुक्का बार संचालित कर रहे हैं। आरोप है कि यहां तंबाकूयुक्त फ्लेवर का उपयोग कर ग्राहकों को प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेकर हुक्का पिलाया जा रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मौके पर छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद ग्राहक मौके से भाग निकले, जबकि दोनों कथित संचालक भी फरार हो गए।
छापे के दौरान पुलिस ने 6 कांच के हुक्का पॉट, 10 हुक्का पाइप, 3 पैकेट जेल फ्लेवर, 2 स्मोकिंग सिरना, 10 हुक्का टिप्स और एक स्टील की चिमटी जब्त की।
इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 993/2026 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) की धारा 4, 21(1) और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार आरोपियों श्रीकांत प्रजापति और सोनू दास मानिकपुरी की तलाश शुरू कर दी है।

