Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

Chhattisgarh: धान खरीदी में 28.52 लाख की हेराफेरी, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी कर शासन को लाखों की चपत लगाने वाले आरोपी पर बिलासपुर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही के धान खरीदी केंद्र में अनियमितता करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी कांशी राम खुटे (31), पिता अंजोरी खुटे, निवासी ग्राम एरमसाही, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर ने खरीफ विपणन वर्ष 2025 के दौरान धान खरीदी में गंभीर हेराफेरी की। आरोपी ने 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाकर लगभग 28 लाख 52 हजार रुपये का गबन किया।

मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर संयुक्त जांच दल द्वारा धान खरीदी केंद्र एरमसाही का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें 920 क्विंटल धान कम पाया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर शासन की धान उपार्जन नीति का उल्लंघन करते हुए फर्जी प्रविष्टियां कीं और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई।

प्रकरण दर्ज कर विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के निवास स्थान पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 16 दिसंबर 2025 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा