अवैध रेत उत्खनन पर राज्यपाल रमेन डेका सख्त, प्रभावी रोक लगाने के दिए निर्देश


रायपुर । 
TODAY छत्तीसगढ़  / राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश की नदियों और बड़े नालों में हो रहे अवैध एवं अनियंत्रित रेत उत्खनन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस पर तत्काल और प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के अस्तित्व और पर्यावरणीय संतुलन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लोक भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में राज्यपाल ने खनिज विभाग के सचिव पी. दयानन्द से इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य में रेत खनन पूरी तरह वैज्ञानिक, सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से किया जाए, जिससे विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बना रहे।

पर्यावरण और भू-जल पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव

राज्यपाल ने कहा कि अंधाधुंध रेत उत्खनन से नदियों का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। नदी तल में अत्यधिक गहराई तक खुदाई के कारण जलधारण क्षमता कम हो रही है, जिससे भू-जल स्तर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके अलावा नदी तटों का कटाव बढ़ रहा है, कई क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोत सूख रहे हैं और जलीय जैव विविधता भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि नदियों और बड़े नालों की जल क्षमता बनाए रखने तथा भू-जल स्तर में सुधार के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।

वैज्ञानिक अध्ययन कराने के निर्देश

भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने रेत खनन से प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, विशेषकर Indian Institute of Technology, का सहयोग लेकर तकनीकी अध्ययन और विस्तृत सर्वे कराया जा सकता है।

पारदर्शी व्यवस्था और सख्त निगरानी पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए रेत आवश्यक संसाधन है, लेकिन इसका उपयोग निर्धारित नियमों और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने खनिज विभाग को अवैध उत्खनन और परिवहन पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा संपूर्ण खनन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए खनन गतिविधियों के संचालन पर विशेष बल दिया गया।

1.56 करोड़ के ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, कोरबा से उठा लाई पुलिस


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड के फरार आरोपी अजय गोस्वामी (32) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था।

पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर नौ सदस्यीय गिरोह का हिस्सा था। गिरोह ने अगस्त 2025 में पांच ट्रेलर वाहनों की लूट की थी और उन्हें ओडिशा ले जाकर छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

दो बार दबिश के बाद भी बचता रहा

तमनार पुलिस ने आरोपी की तलाश में पूर्व में दो बार उसके कोरबा स्थित निवास पर दबिश दी थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम कोरबा पहुंची और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ ले आई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

ऐसे हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2025 को संजय पटेल ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में चार ट्रेलर वाहन खरीदे थे। उसी रात हुंकराडीपा क्षेत्र में बदमाशों ने एक ट्रेलर वाहन लूट लिया और चालक समेत अन्य ड्राइवरों से मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ट्रेलरों के पूर्व मालिक अमन गोस्वामी ने पूरी वारदात की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस ने ओडिशा के हमीरपुर क्षेत्र में दबिश देकर खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद कर लिए थे।

1.56 करोड़ की संपत्ति बरामद

मामले में पुलिस पहले ही अमन गोस्वामी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे से चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार समेत कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शेष फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत और आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मालकिन शहर में, चोर फार्म हाउस में... रातों-रात साफ कर गए कीमती सामान


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी स्थित एक ऑर्गेनिक फार्म हाउस में चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और अलमारी में रखी नकदी, सोना-चांदी के आभूषण तथा पूजा का सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

पुलिस के अनुसार महाराणा प्रताप चौक स्थित हर्ष आशियाना ग्रीन पार्क निवासी संगीता जैन (58) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति प्रमोद जैन का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। इसके बाद से वह शहर स्थित अपने निवास में रहती हैं।

संगीता जैन प्रतिदिन ग्राम लिमतरी स्थित अपने ऑर्गेनिक फार्म हाउस की देखरेख के लिए दिन में वहां जाती थीं और शाम को वापस शहर लौट आती थीं। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। 

कोटमीकला बाजार हत्याकांड सुलझा, देशी कट्टा और आभूषण बरामद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।  TODAY छत्तीसगढ़  / (शरद अग्रवाल) / कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार 26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी खुशीराम साहू ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा बिहार-झारखंड के परिचित राहुल और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी व्यापारियों की गतिविधियों की रेकी की और फिर लूट की साजिश रची।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 23 मई को ही क्षेत्र में पहुंच गए थे और लगातार व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। 26 मई की शाम करीब सात बजे उन्होंने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर छीना-झपटी के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बाद में देवरीखुर्द क्षेत्र में लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषणों का हिस्सा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने आभूषणों की पैकिंग सामग्री जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी। गिरफ्तार आरोपियों में सीपत थाना क्षेत्र के बिटकुला निवासी खुशीराम साहू और राजाराम साहू तथा देवरीखुर्द क्षेत्र के करौंदानार निवासी गया प्रसाद रजक शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में जिला पुलिस, साइबर प्रकोष्ठ, विशेष जांच दल तथा बिलासपुर परिक्षेत्र की विभिन्न पुलिस इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 


बाइक सवार को घेरकर लूटी मोटरसाइकिल, फिर ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / कोनी थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक से मोटरसाइकिल और नकदी लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेंदरी रामतला रोड निवासी गौतम पालेकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 मई की रात करीब 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BK3754 से घर लौट रहा था। बिरकोना रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के पास पहुंचने पर चार युवकों ने ई-रिक्शा सड़क के बीच खड़ा कर उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसकी जेब से एक हजार रुपये नकद छीन लिए और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चारों आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा उन्होंने अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।

शेयर मार्केट में करोड़पति बनाने का सपना, असल में चला रहे थे साइबर ठगी का साम्राज्य !

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने पर्दाफाश किया है। मामले में पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब गिरोह के एक प्रमुख सदस्य रजत तोमर को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन और देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर शिकायतों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र की नर्मदा नगर कॉलोनी निवासी एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर अलग-अलग चरणों में 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन, डिजिटल ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।

जांच के दौरान पहले मुकेश कुमार दास, केशव साव, संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की और शिशिर राठौर को गिरफ्तार किया गया था। आगे की विवेचना में गिरोह के प्रमुख सदस्य रजत तोमर की भूमिका सामने आई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के बैंक खाते के खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली सहित कई राज्यों में साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। वहीं आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों से जुड़े 13 मामलों में लगभग आठ करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं।

साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी केशव साव के बैंक खाते में करीब 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में लगभग एक लाख रुपये होल्ड कराया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रजत तोमर बैंक खाते उपलब्ध कराने, खाताधारकों को लालच देकर जोड़ने और साइबर ठगी की रकम के लेन-देन को व्यवस्थित करने का काम करता था। वह भोले-भाले लोगों को अधिक लाभ का झांसा देकर उनके बैंक खाते हासिल करता और उनका उपयोग साइबर अपराध में करवाता था।

आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह दुर्ग से उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में है, जिसके बाद योजनाबद्ध कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया।

राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों के खातों के खिलाफ देशभर में कई साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होकर शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है। 

शेयर मार्केट में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  /  शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर और कार्यालय से कार, लैपटॉप, मोबाइल, चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी दीपक गाडगे और भिलाई निवासी पापा राव सहित अन्य लोगों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुपेला के पुरानी बस्ती हनुमान मंदिर क्षेत्र निवासी टोमन दास साहू ने शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने दीपक गाडगे से करीब 23 लाख रुपये, भीष्म महिलांग से 15 लाख रुपये तथा पापा राव से लगभग 10 लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा अन्य लोगों से भी बड़ी रकम लेकर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।

शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर और कार्यालय की तलाशी लेकर एक किया कार, एक लैपटॉप, एक सीपीयू, दो मॉनिटर, दो मोबाइल फोन, 10 चेकबुक, चार लेन-देन की डायरी तथा 10 ट्रॉफियां जब्त की गईं। सुपेला पुलिस ने आरोपी टोमन दास साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य पीड़ितों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि निवेश से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें तथा अधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी को रकम न सौंपें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com