बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सोनार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी 13 मई को अपनी सास की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पत्नी के साथ राजिम चला गया था। इस दौरान उसने अपने किराये के मकान में ताला लगा दिया था। 19 मई की शाम मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बताया कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने पर वह तत्काल बिलासपुर लौटा और घर पहुंचकर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। कमरे में रखी अलमारी की जांच करने पर सोना-चांदी के जेवर गायब मिले। इसके बाद प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ जेवर सरकंडा निवासी सोनार राजेश सोनी को बेचे गए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने के कान के टॉप्स, मांगटीका और अंगूठी बरामद कर जप्त कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
