बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का एक और मामला सामने आया है। रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटकर आतिशबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई की रात काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 10 BP 3926 में सवार युवक-युवती द्वारा सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। वायरल वीडियो में वाहन की छत पर केक रखकर काटते हुए तथा आतिशबाजी करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करते देखा गया।
जांच में वाहन चालक की पहचान अरविन्द सैनी निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई है । वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाना कोनी ले आई । पूछताछ के दौरान चालक अरविन्द सैनी ने स्वीकार किया कि उसके द्वारा वाहन के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया था। पुलिस ने चालक एवं उसकी महिला मित्र के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि अन्य वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
