कॉलेज के पास चाकू लहराकर बना रहा था खौफ, पुलिस ने पहुंचाया जेल

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  सरकंडा पुलिस ने अवैध हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज और हनुमान मंदिर के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कैलाश साहू (27 वर्ष) निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, थाना सरकंडा बताया।

ओवरब्रिज के नीचे ग्राहक का इंतजार कर रहे थे तस्कर, पुलिस ने दबोच लिया

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 770 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 3.46 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG-22-AF-6686 पर सवार होकर एक थैले में गांजा रखे हुए हैं और बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद लाल-पीले रंग के थैले से तीन सफेद पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 5 किलो 770 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 3 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई।

आरोपियों के विरुद्ध थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

NEET पेपर लीक पर बवाल ! बैरिकेड टूटे, वाटर कैनन चली, लाठीचार्ज हुआ

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को बिलासपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने सांसद आवास से काफी पहले बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की एवं झड़प हुई। इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। पानी की तेज बौछारों के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद एनएसयूआई नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस द्वारा रोकने पर स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान 12 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं लाठीचार्ज और धक्कामुक्की में छह से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हुई धक्कामुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई है और मामले की समीक्षा की जा रही है।

NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इसी कड़ी में बिलासपुर का यह प्रदर्शन भी चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज में घायल NSUI कार्यकर्ताओं को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। घटना में 6 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा समेत NSUI के कई कार्यकर्ता सिम्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार की व्यवस्था कराई।  


एक वीडियो और चली निलंबन की तलवार ! दुर्ग पुलिस के दो SI सस्पेंड

दुर्ग।  TODAY छत्तीसगढ़  / जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग ने भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई थाना पुरानी भिलाई में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और थाना खुर्सीपार में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू के खिलाफ की गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना पुरानी भिलाई के अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 21(क), 21(ख) एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण में आरोपी पक्ष से पैसे मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

प्राथमिक जांच में वीडियो के आधार पर दोनों अधिकारियों का आचरण प्रथम दृष्टया संदिग्ध और भ्रष्टाचारपूर्ण प्रतीत होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र, दुर्ग रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नगर पुलिस अधीक्षक छावनी को प्राथमिक जांच सौंपते हुए तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस विभाग ने निलंबन आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों और शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लिया जाएगा।


हाईवे पर रात का आतंक खत्म ! ट्रक चालकों को निशाना बनाने वाला गैंग पकड़ा गया


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार झारखंड के गढ़वा निवासी रोहित कुमार पासवान ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रक क्रमांक CG-10-R-2370 चलाता है। दो जून की रात करीब एक से दो बजे के बीच जब वह आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आ गई। वाहन रोककर जब वह अपनी चोट देख रहा था, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ तत्काल जांच में जुट गए। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान और उसके साथियों पर संदेह हुआ।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रघुनाथ चौहान और शिव कुमार अघरिया को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी शिव कुमार अघरिया के कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पीड़ित चालक का लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। वहीं रघुनाथ चौहान के पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों की पहचान परेड एसडीएम घरघोड़ा के समक्ष कराई गई, जिसमें पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की पहचान की। जांच में पांच आरोपियों की सामूहिक संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में डकैती की धारा 310(2) बीएनएस जोड़ दी।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा।

मुख्य सचिव ने राज्यपाल को बताई योजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट, विकास पर हुआ मंथन

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्य में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति की जानकारी राज्यपाल को दी गई।

मुख्य सचिव ने राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास परियोजनाओं की स्थिति तथा प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक में राज्य के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

राज्यपाल रमेन डेका ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

बैठक के दौरान प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने तथा विकास कार्यों को गति देने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। राज्यपाल ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर निगरानी और बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

अवैध रेत उत्खनन पर राज्यपाल रमेन डेका सख्त, प्रभावी रोक लगाने के दिए निर्देश


रायपुर । 
TODAY छत्तीसगढ़  / राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश की नदियों और बड़े नालों में हो रहे अवैध एवं अनियंत्रित रेत उत्खनन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस पर तत्काल और प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के अस्तित्व और पर्यावरणीय संतुलन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लोक भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में राज्यपाल ने खनिज विभाग के सचिव पी. दयानन्द से इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य में रेत खनन पूरी तरह वैज्ञानिक, सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से किया जाए, जिससे विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बना रहे।

पर्यावरण और भू-जल पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव

राज्यपाल ने कहा कि अंधाधुंध रेत उत्खनन से नदियों का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। नदी तल में अत्यधिक गहराई तक खुदाई के कारण जलधारण क्षमता कम हो रही है, जिससे भू-जल स्तर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके अलावा नदी तटों का कटाव बढ़ रहा है, कई क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोत सूख रहे हैं और जलीय जैव विविधता भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि नदियों और बड़े नालों की जल क्षमता बनाए रखने तथा भू-जल स्तर में सुधार के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।

वैज्ञानिक अध्ययन कराने के निर्देश

भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने रेत खनन से प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, विशेषकर Indian Institute of Technology, का सहयोग लेकर तकनीकी अध्ययन और विस्तृत सर्वे कराया जा सकता है।

पारदर्शी व्यवस्था और सख्त निगरानी पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए रेत आवश्यक संसाधन है, लेकिन इसका उपयोग निर्धारित नियमों और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने खनिज विभाग को अवैध उत्खनन और परिवहन पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा संपूर्ण खनन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए खनन गतिविधियों के संचालन पर विशेष बल दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com