रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 770 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 3.46 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG-22-AF-6686 पर सवार होकर एक थैले में गांजा रखे हुए हैं और बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद लाल-पीले रंग के थैले से तीन सफेद पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 5 किलो 770 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 3 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई।
आरोपियों के विरुद्ध थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
