शहीद गुंडाधुर की जन्मस्थली से शुरू हुई नई जनसुविधा पहल


बस्तर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ बस्तर जिले के नेतानार गांव में शहीद वीर गुंडाधुर की पवित्र जन्मस्थली से ‘जन सुविधा केंद्र - सेवा डेरा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पाद ‘बस्तरिहा इमली’ का स्वाद भी चखा।

सरकार की इस अभिनव पहल के तहत अब सुरक्षा शिविरों को जन सुविधा और कल्याण के आधुनिक केंद्रों ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर डिजिटल सेवाएं, बैंकिंग सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास प्रशिक्षण, वनोपज प्रसंस्करण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का उद्देश्य सुरक्षा के साथ-साथ विकास और जनकल्याण को भी मजबूत करना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह देखने को मिला। सरकार की इस पहल को बस्तर क्षेत्र में विकास और विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 

DMF घोटाला: पूर्व IAS अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

नई दिल्ली / रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) घोटाला मामले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमल्या बागची की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि आरोप गंभीर जरूर हैं, लेकिन इनकी अंतिम पुष्टि ट्रायल के दौरान ही होगी।

बताया गया कि अनिल टुटेजा को इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वे 21 अप्रैल 2024 से ही न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद हैं। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से 2019 के कुछ व्हाट्सएप मैसेज का हवाला देते हुए आरोपों की गंभीरता बताई गई। वहीं, टुटेजा की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि मामले में सह-आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। साथ ही केस में 85 गवाहों की जांच होना बाकी है, जिससे ट्रायल पूरा होने में लंबा समय लग सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मामले की सुनवाई और अंतिम निर्णय आने में काफी समय लगने की संभावना है। ऐसे में मेरिट पर कोई टिप्पणी किए बिना अनिल टुटेजा को जमानत दिया जाना उचित होगा। DMF घोटाला छत्तीसगढ़ के चर्चित आर्थिक मामलों में शामिल रहा है, जिसमें खनिज निधि के दुरुपयोग और अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।

गौरव पथ या भ्रष्टाचार पथ ? सड़क की हालत देख भड़के ग्रामीण

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत बनाई गई सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के आरोपों में घिर गई है। ग्राम पंचायत नेवरा में करीब 36 लाख रुपए की लागत से बनी लगभग 450 मीटर लंबी सड़क निर्माण के महज एक महीने बाद ही उधड़ने लगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए निम्न स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के दौरान भी कई बार अनियमितताओं की शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। अब सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

मामले को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों  ने कलेक्टर से शिकायत कर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण जनता को टिकाऊ सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

देश के गृहमंत्री रायपुर में, लुटेरे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का मोबाईल छीनकर भागे


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीजेपी नेता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सुबह पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश तेज रफ्तार में पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। रायपुर पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई लूट की घटना की पुष्टि की है।

इधर, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि, “आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”

उन्होंने आगे लिखा कि “सोचिए जरा, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में मौजूद हैं, उसी समय मॉर्निंग वॉक के दौरान ऐसी घटना कथित सुशासन पर तमाचा है।” फिलहाल पुलिस झपटमारों की तलाश में जुटी हुई है।  


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com