बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत बनाई गई सड़क अब भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के आरोपों में घिर गई है। ग्राम पंचायत नेवरा में करीब 36 लाख रुपए की लागत से बनी लगभग 450 मीटर लंबी सड़क निर्माण के महज एक महीने बाद ही उधड़ने लगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करते हुए निम्न स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के दौरान भी कई बार अनियमितताओं की शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। अब सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
मामले को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने कलेक्टर से शिकायत कर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण जनता को टिकाऊ सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
