खौलती दाल गिरने से दो साल की मासूम की मौत, खेलते समय हुआ हादसा


कोरबा।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में गुरुवार को एक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। आंगन में खेलते समय बच्ची सिगड़ी पर पक रही दाल के बर्तन से जा टकराई, खौलती दाल का बर्तन बच्ची के ऊपर गिरा जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज उसकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी शिव मंदिर गली निवासी शंकर सारथी बढ़ई का काम करता है और अपनी पत्नी आरती सारथी व दो बच्चों के साथ रहता है। गुरुवार को उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थीं। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए कमरे के अंदर चली गईं। बताया जा रहा है कि इसी बीच उनकी दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई और अचानक दाल से भरे बर्तन से टकरा गई। इससे खौलती दाल उसके ऊपर गिर गई और वह गंभीर रूप से झुलस गई। रोने की आवाज सुनकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम का एक बड़ा भाई भी है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई कर रही है। 

---------------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। आपका साथ, सहयोग मुझे न सिर्फ हिम्मत देगा बल्कि आप सभी के मार्गगदर्शन से मैं अधिक बेहतर कर सकूंगा। 

केंद्रीय दल ने परखी फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की जमीनी हकीकत, व्यवस्थाओं की सराहना

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का निरीक्षण करने भारत सरकार, नई दिल्ली से पहुंचे केंद्रीय दल ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और ग्रामों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से निर्धारित समय में फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक एमडीए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत डीईसी, एलबेंडाजोल और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन बूथ स्तर पर तथा घर-घर जाकर कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रथम दल में शामिल डॉ. सुदर्शन मंडल (डीडीजी), डॉ. जितेन्द्र, डॉ. रंजन, डॉ. चिन्मय दास (राज्य सलाहकार) और प्रोजेक्ट कन्सर्न इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मुमताज ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकरभाटा, उप स्वास्थ्य केंद्र नयापारा और ग्राम रहांगी का भ्रमण किया। वहीं द्वितीय दल में आरएलटीआरआई के डॉ. एस. जोगडांड और विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. मनोज सिंह ने विकासखंड मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हार का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने दवा वितरण प्रक्रिया, रजिस्टर संधारण, माइक्रोप्लान, बूथ प्रबंधन और समुदाय की सहभागिता का बारीकी से अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने लाभार्थियों से चर्चा कर दवा सेवन, संभावित दुष्प्रभाव और जागरूकता के स्तर की जानकारी भी ली। इसके बाद दल ने सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मुर्ति से मुलाकात कर सीईएस की तैयारियों पर चर्चा की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। केंद्रीय दल ने अभियान के प्रभावी संचालन की सराहना करते हुए शेष अवधि में शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दल ने घर-घर भ्रमण के दौरान छूटे हुए लोगों तक पहुंच बनाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी.के. वैष्णव, वीबीडी सलाहकार श्रीमती कृष्णा कुमारी, डब्ल्यूएचओ से डॉ. स्नेहाश्री, पीसीआई से आदित्य शर्मा और अनुषा मुरली सहित मलेरिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ATR में नए सफारी वाहनों की शुरुआत, उप मुख्यमंत्री ने सौंपी चाबियां

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिसॉर्ट पहुंचे। यहां स्थानीय छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने सदा सोहागी महिला स्व-सहायता समूह, सिवलखार द्वारा संचालित टाइगर केंटीन और सोविनियर शॉप का निरीक्षण किया।

सोविनियर शॉप में महिला समूह की सदस्य कु. रागिनी धुर्वे ने गोंडी आर्ट पेंटिंग तथा कु. तान्या मरावी ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने महिला समूहों के आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्रामीण सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है और ऐसे प्रयासों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा में तैनात प्रशिक्षित वाइल्ड लाइफ स्निफर डॉग ‘नीतू’ ने सलामी देकर उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया। श्री साव ने नीतू द्वारा किए जा रहे सर्चिंग और सुरक्षा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण में प्रशिक्षित टीमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने अचानकमार, सिवलखार और रंजकी वन प्रबंधन समितियों द्वारा क्रय किए गए पांच नए ‘योद्धा’ (महारानी) सफारी वाहनों की चाबी संबंधित समिति अध्यक्षों को सौंपकर उनका शुभारंभ किया। इसके साथ ही स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन टीम को ट्रेकिंग शू और टॉर्च वितरित किए गए, जिससे जंगल में गश्त और सुरक्षा कार्य और अधिक प्रभावी हो सके।  

नए सफारी वाहनों के शुरू होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विकास और संरक्षण दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ा जा सके। इस दौरान महावत शिवमोहन राजवाड़े को हाथियों के संरक्षण, देखभाल और कल्याण में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस ख़ास मौके पर अचानकमार टाईगर रिजर्व प्रबंधन के सभी अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। 


लूट के इरादे से युवक की हत्या, अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी; दो आरोपित गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / सिटी कोतवाली पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए युवक की हत्या के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने लूट के इरादे से युवक की पिटाई कर उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम नरगोड़ा निवासी राजेंद्र सूर्यवंशी (25) का शव 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी स्थित चेक डैम के नीचे मिला था। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम, डायटम और विसरा रिपोर्ट के साथ तकनीकी विश्लेषण में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना तेज कर दी। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ भोले केवट (20) और शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि घटना के दिन वे पचरी घाट डैम के पास शराब पीकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राजेंद्र को अकेले बैठे देखा। मोबाइल और नगदी लूटने की नीयत से दोनों ने उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर गंभीर रूप से घायल कर दिया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया।

घटना के बाद आरोपित मृतक का मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना पूरी कर चालान पेश करने की तैयारी में है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com