नकाबपोशों का आतंक: व्यापारी पर जानलेवा हमला, पौने चार करोड़ का सोना लूटा; पुलिस के हाथ खाली


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात हुई फिल्मी अंदाज़ की लूट की वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है। सराफा व्यापारी संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर बदमाश 3 करोड़ 35 लाख रुपये का माल लूट ले गए। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, हालांकि संदिग्धों से पूछताछ और धरपकड़ जारी है। 

 मंगलवार रात करीब 9.30 से 10 के बीच राजकिशोर नगर बीएसएनएल टॉवर रोड के पास घर से 500 मीटर पहले ही लुटेरों ने एक ईको कार अड़ाकर संतोष को रोका। पीछे बाइक सवार दो आरोपी चल रहे थे। सभी ने मिलकर पहले बंदूक से फायर करने की कोशिश की, लेकिन मैग्जीन फंसने के कारण गोली नहीं चली तो हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। 

जानकारी के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी, जो पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुके हैं, महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय महावीर सिटी के पास नकाबपोश बदमाश बाइक और कार से पहुंचे और संतोष की कार को ओवरटेक कर सामने अदाकार खड़े हों गये। नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें जबरन कार से बाहर निकालने की कोशिश की, संतोष ने विरोध किया तो हमलावरों ने पिस्तौल निकालकर उन्हें मारने की कोशिश भी की लेकिन मैगजीन में गोली फंस जाने की वजह से फायर नहीं हो सका। इस बीच मोटरसाइकिल पर सवार एक नकाबपोश वहां पहुंचा और संतोष पर हथौड़े से सिर पर 11 से अधिक बार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। 

सराफा व्यापारी संतोष तिवारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अलावा पास लगे सीसीटीवी कैमरे के मुताबिक बदमाशों ने राहगीरों को पिस्टल दिखाकर इलाके में दहशत भी फैलाई। दो-तीन राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है । हमले के बाद तीनों आरोपी कारोबारी की कार समेत उसमें रखे 2 किलो 200 ग्राम सोना और 3 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। कुल लूट की रकम 3 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है।  
 लूटकांड – अब तक क्या-क्या सामने आया ?
  • घटना का समय: मंगलवार रात करीब 9:45 बजे

  • स्थान: राजकिशोर नगर, महावीर सिटी के पास

  • पीड़ित: सराफा व्यापारी संतोष तिवारी

  • हमले का तरीका: कार घेरकर बाहर निकाला, हथौड़े से सिर पर वार

  • लूट का माल: 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3.50 लाख नकद

  • कुल नुकसान: करीब 3 करोड़ 35 लाख रुपये

  • मौके से बरामद: एक पैशन प्रो बाइक, एक इको कार, पिस्टल की मैगजीन व जिंदा कारतूस

  • फायरिंग की आशंका: प्रत्यक्षदर्शियों ने 2-3 राउंड जैसी आवाज सुनी

  • घायल की स्थिति: सिर में ब्रेन ब्लीड, एक हाथ में फ्रैक्चर, हालत गंभीर

  • पुलिस कार्रवाई: नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगालना, विशेष टीम गठित

घटनास्थल पर बदमाश एक पैशन प्रो बाइक और एक इको कार छोड़ गए। पुलिस को मौके से पिस्टल की मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। छोड़ी गई इको कार के पीछे चूने से “नीलेश गोविंद” लिखा मिला है । घटना में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल चोरी की है, अनुमान लगाया जा रहा है कि लुटेरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक रेकी की होगी, उसके बाद वारदात को अंजाम तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई होगी क्यूंकि जिस तरीके से अज्ञात लुटेरे चोरी के वाहन में घटना को अंजाम देने आये फिर उन वाहनों को मौका -ए - वारदात पर छोड़कर सराफा व्यापारी की कार लेकर मोपका की ओर भागे। मोपका के आगे लुटेरों ने कार को छोड़ा और उसमें रखा पौने चार करोड़ का सराफा सामान लेकर दूसरे वाहन से भाग निकले।  

सराफा व्यापारी संतोष तिवारी की कार

इधर घटना की जानकारी लगते ही पुलिस की टीम मौकाए वारदात पर जुटी, डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ओम पैलेस होते हुए मोपका रोड स्थित चुन्नी सिंह तालाब तक भी पहुंची लेकिन वहां से आगे का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घटना की ख़बर रेंज के आईजी को लगी, वे भी मौके पर पहुंचे। लूट का शिकार हुए संतोष तिवारी का उपचार सरकंडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है जहां उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार संतोष के सिर में अंदरूनी रक्तस्राव (ब्रेन ब्लीड) हुआ है और एक हाथ में फ्रैक्चर है। 

रिहायशी और व्यस्ततम इलाके में हुई इस दुस्साहसी वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटनाक्रम को लेकर सियासी गलियारे में भी गर्माहट महसूस की जा रही है। विपक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। 

छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने सोशल मिडिया पर इस घटना का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है, वहीं पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने भाजपा विधायक अमर अग्रवाल के “अपराधमुक्त बिलासपुर” के दावे पर कटाक्ष किया है।

सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा - साय

कोरिया। TODAY छत्तीसगढ़  / विष्णु देव साय ने आज तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास को नई गति देते हुए 156 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें स्थानीय लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास और संस्कृति साथ-साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जनसेवा और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। तीन दिवसीय महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी और विकास योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 

कोरिया जिला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैकुंठपुर के झुमका पर्यटन स्थल में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने झुमका जलाशय में बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार लगातार आधुनिक सुविधाओं का विकास कर रही है, ताकि प्रदेश को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।

नायब तहसीलदार से IAS तक: वीरेंद्र बहादुर पंचभाई की पदोन्नति क्यों है अहम

रायपुर। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत किया है। इनमें 2008 और 2010 बैच के दो-दो तथा 2013 बैच के चार अधिकारी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के राज्य प्रशासनिक सेवा के जिन सात अधिकारियों को आईएएस अवार्ड हुआ है, उनमें तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, सौमिल चैबे, संदीप अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, बीरेंद्र पंचभाई और आशीष टिकरिहा शामिल हैं।

इनमें वीरेंद्र बहादुर पंचभाई का नाम खास तौर पर चर्चा में है। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत नायब तहसीलदार के रूप में की थी और अब पदोन्नति के जरिए आईएएस कैडर में शामिल हुए हैं। राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला बताया जा रहा है, जब किसी नायब तहसीलदार ने प्रमोशन के माध्यम से आईएएस का पद हासिल किया है। 

क्या है पृष्ठभूमि?

वीरेंद्र बहादुर पंचभाई मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के रहने वाले हैं। उनका चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से नायब तहसीलदार पद पर हुआ था। उन्होंने अभनपुर में नायब तहसीलदार के रूप में कार्यभार संभाला और बाद में तहसीलदार बने। वर्ष 2010 में वे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नत हुए। इसके बाद संयुक्त कलेक्टर और फिर अपर कलेक्टर के पद पर पहुंचे। वर्तमान में वे बस्तर संभाग के नारायणपुर ज़िले में अपर कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं।

आईएएस पदोन्नति की प्रक्रिया

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) के आधार पर आईएएस कैडर में पदोन्नति दी जाती है। केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद संबंधित अधिकारियों को औपचारिक रूप से आईएएस कैडर आवंटित किया जाता है। आमतौर पर नायब तहसीलदार के रूप में सेवा शुरू करने वाले अधिकारी डिप्टी कलेक्टर या अपर कलेक्टर पद तक पहुंचते हैं। आईएएस कैडर तक पहुंचना अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है।

पहले क्या हुआ है?

ठाकुर रामसिंह भी अपने करियर के शुरुआती दौर में नायब तहसीलदार रहे थे। हालांकि उन्होंने बाद में लोक सेवा आयोग की परीक्षा देकर डिप्टी कलेक्टर पद हासिल किया और फिर पदोन्नति के जरिए आईएएस बने। वे रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जैसे ज़िलों में कलेक्टर रह चुके हैं और सेवानिवृत्ति से पहले संभागीय आयुक्त के पद पर भी रहे। छत्तीसगढ़ में पंचभाई की पदोन्नति को प्रशासनिक सेवा में लंबी पारी और पदोन्नति आधारित प्रगति के एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

जिला पंचायत का प्रतिनिधिमंडल सात दिवसीय प्रशिक्षण हेतु मुंबई रवाना

बिलासपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  / पंचायतों को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला पंचायत बिलासपुर का 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए मुंबई रवाना हुआ। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप सहित जनप्रतिनिधि दुरंतो एक्सप्रेस से मुंबई के लिए प्रस्थान किए।

यह प्रशिक्षण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 18 फरवरी से मुंबई स्थित रामभाऊ महालाँघि प्रबोधनी संस्थान में शुरू होगा। इसमें ग्रामीण विकास, सुशासन, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल पंचायत, आजीविका संवर्धन व सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल महाराष्ट्र के आदर्श ग्रामों का अध्ययन भ्रमण भी करेगा। दल रालेगण सिद्धि और हिवरे बाजार का अवलोकन करेगा, जहां जल संरक्षण, पारदर्शी प्रशासन और सतत विकास के सफल मॉडल लागू हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने TODAY छत्तीसगढ़ से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि यह प्रशिक्षण जिले की ग्राम पंचायतों को मॉडल पंचायत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल अपने अनुभव अन्य पंचायतों से साझा करेगा, जिससे पूरे जिले में नवाचार व सुशासन को बढ़ावा मिलेगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com