मिर्जापुर (उप्र)। कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े वरिष्ठ अधिवक्ता व ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से शहर में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, आज शनिवार सुबह राजीव सिंह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उनमें से एक ने नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV में कैद वारदात
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में हमलावर वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर तक बाइक स्टार्ट नहीं होने पर आसपास के लोग उन्हें पकड़ने आगे बढ़े, लेकिन बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और फरार हो गए।
शहर में आक्रोश, सड़क जाम
घटना के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पुलिस लाइन मार्ग पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




