बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / तारबाहर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार के मकान का मुख्य गेट तोड़ते हुए घर के भीतर घुस जाने के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, संजय अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह अपने मकान के बरामदे में टहल रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनके घर का मुख्य गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई और दरवाजे व खिड़कियों को क्षतिग्रस्त करते हुए रुकी। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय वह और उनके परिवार के सदस्य समय रहते हट गए, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।
रिपोर्ट के आधार पर तारबाहर थाना में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष तिवारी (45), निवासी नेहरूग्राम, देहरादून (उत्तराखंड), को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार (MP-04-CX-6273) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

