Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पांच लाख की सुपारी देकर श्याम पर कराई जानलेवा हमला की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार

मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, दो आरोपी फरार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मामले में आपराधिक षड्यंत्र और हत्या के प्रयास की धाराएं भी जोड़ी गई हैं, जबकि कथित मुख्य आरोपी और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 की सुबह प्रार्थी शिशिर कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे, कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान की। इसके आधार पर पुलिस ने नितिन टेकाम (21), निवासी गौरेला, और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपक तिवारी नामक व्यक्ति ने कथित रूप से बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था। आरोप है कि इसी योजना के तहत आरोपी बिलासपुर पहुंचे और कथित मुख्य आरोपी के इशारे पर श्याम कश्यप पर डंडों से हमला किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में दीपक तिवारी और साहिल सोनकर अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा