कोरबा। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के सीतामढ़ी इलाके में पुरानी जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता नैना गोस्वामी के अनुसार, यह हमला पुराने विवाद को लेकर किया गया। मंगलवार को 15-20 की संख्या में बदमाश लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और नैना, उनकी बहन, बच्चे और जीजा के साथ बेरहमी से मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मारपीट में नैना गोस्वामी बुरी तरह जख्मी हो गईं, उनके हाथ, पीठ और चेहरे पर चोट के निशान देखे गए हैं। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज भी प्राप्त किए गए हैं, जिनमें आरोपी घर में घुसते और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि पूरा परिवार दहशत में है और उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि विवाद की शुरुआत पहले हुई मारपीट से हुई थी। आरोप है कि नैना गोस्वामी और उनके साथियों ने पहले पूनम गोस्वामी के घर पहुंचकर हमला किया था, जिसमें पूनम गोस्वामी और नान्हे जायसवाल घायल हुए। नान्हे जायसवाल के सिर में गंभीर चोट आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद दूसरा पक्ष भी अपने लोगों के साथ पहुंचा और फिर विवाद हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में पहले भी पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ राजस्व संहिता की धारा 145 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण एसडीएम न्यायालय भेजा गया था।
