Slider

रायगढ़ को मिली 16 अत्याधुनिक डॉयल-112 ईआरवी वाहन की सौगात


रायगढ़।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सुरक्षा, सेवा और सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन योजना के तहत 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) की बड़ी सौगात मिली है। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बुधवार को पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि नई डॉयल-112 सेवा के माध्यम से अब नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में तेज, सुरक्षित और प्रभावी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इसे सुरक्षा और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता बताया। कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने बताया कि डॉयल-112 योजना को अब फेज-2 नेक्स्ट जेन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। रायगढ़ जिले को 16 नए आधुनिक ईआरवी वाहन प्राप्त हुए हैं, जो पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि इन वाहनों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसके माध्यम से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

नई डॉयल-112 योजना के तहत अब पुलिस, मेडिकल सेवा, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को भी एकीकृत किया गया है। इससे नागरिकों को एक ही नंबर 112 पर सभी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह परियोजना शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है और इससे कानून व्यवस्था को बनाए रखने के साथ आम जनता को भी सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी आधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com