Slider

यातायात व्यवस्था सुधारने प्रशासन सख्त, मार्ग किनारे अतिक्रमण हटाने चली JCB


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। प्रशासन ने मार्ग किनारे बसाहट करने वाले लोगों और व्यवसाय संचालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न करें।

प्रशासन का कहना है कि मुख्य मार्ग आम नागरिकों के सरल, सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए निर्धारित हैं। इन मार्गों पर अतिक्रमण या यातायात नियमों की अनदेखी करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 

यातायात पुलिस और नगरीय निकाय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मुख्य मार्ग के दोनों ओर व्यवसाय संचालित करने वाले सभी दुकानदार और प्रतिष्ठान संचालक यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही, उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के सामने किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अवरोध नहीं करने की हिदायत दी गई है।

प्रशासन ने कहा है कि यह कार्रवाई जनहित में की जा रही है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com