Slider

GGU में होली मिलन समारोह में बवाल: छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

सांकेतिक तस्वीर 
बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली बात पर जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में होली पर्व के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम और होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। चूंकि हॉस्टल में रहने वाले कई छात्र आगामी छुट्टियों में अपने घर जाने वाले हैं, इसलिए पहले ही कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे और माहौल उत्साहपूर्ण था।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र स्टेज पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इस पर दूसरे गुट के छात्रों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों गुटों के छात्र आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू हो गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और आयोजकों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। संबंधित छात्रों की पहचान की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, कोनी थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वायरल वीडियो के बाद घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। 



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com