Slider

Chhattisgarh: बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 11 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के कलेक्टर बदले


रायपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। विधानसभा सत्र के बीच जारी हुए इन आदेशों को अहम माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार दंतेवाड़ा के कलेक्टर कुणाल दुदावत को कोरबा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कोरबा के कलेक्टर अजीत वसंत को सरगुजा का नया कलेक्टर बनाया गया है। वर्तमान सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

इसी तरह सुकमा के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को दंतेवाड़ा जिले का कलेक्टर बनाया गया है। नारायणपुर की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई को बेमेतरा जिले की कमान सौंपी गई है, जबकि बेमेतरा के कलेक्टर रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

राज्य शासन ने 2019 बैच के दो आईएएस अधिकारियों को पहली बार कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है। बिलासपुर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार को सुकमा का कलेक्टर बनाया गया है, जबकि अपर कलेक्टर रायपुर नम्रता जैन को नारायणपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

अन्य आदेशों के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे को नगर निगम बिलासपुर का आयुक्त बनाया गया है। सुकमा के अपर कलेक्टर गजेंद्र सिंह ठाकुर को जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं धमतरी जिला पंचायत की सीईओ रोमा श्रीवास्तव को मंत्रालय में उप सचिव पदस्थ किया गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश में प्रशासनिक कार्यों को गति देने और व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com