बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / ज़िले के सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक आरोपी को महज़ 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने किशोरी से नज़दीकियां बढ़ाकर शादी का झांसा दिया था और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, बहतराई निवासी पंकज देवांगन (24 वर्ष) ने मोहल्ले में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से जान-पहचान बढ़ाई और उससे बातचीत करने के लिए उसे एक मोबाइल फोन (ओप्पो कंपनी का) दिया।
लड़की ने अपने परिवार को बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर प्रेमजाल में फंसाया और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ ज़बरदस्ती संबंध बनाए। जब नाबालिग ने उससे बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी 5 नवंबर की रात करीब आठ बजे उसके घर पहुंचा और बातचीत का दबाव डालते हुए अश्लील गालियां दीं। इस घटना के बाद परिजनों ने अगले दिन, 6 नवंबर 2025, को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 34(2)एम, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर “त्वरित और सख्त कार्रवाई” की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि किसी तरह की आपत्तिजनक या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
