रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस बार आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य और उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। टीम में दो महिला पायलट भी शामिल हैं।
इस आयोजन से पहले बुधवार को सारंग टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने सदस्यों का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
युवाओं को मिलेगी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम अपने साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए जानी जाती है। टीम का हवाई प्रदर्शन इन विशेषताओं को करीब से देखने का अवसर देगा। राज्योत्सव में होने वाला यह एयर शो युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पायलटों का सटीक उड़ान कौशल, कठिन करतब और आपसी समन्वय उनके कठोर प्रशिक्षण और टीम भावना को दर्शाता है। यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि एयर शो से युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर देशसेवा करने की भावना मजबूत होगी।
पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम के पांच हेलीकॉप्टर हवा में विभिन्न आकर्षक संरचनाएं बनाएंगे और समन्वित उड़ानों के जरिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। टीम की खासियत बेहद सटीक तालमेल के साथ सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करना है।
सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के जरिए प्रदर्शन करती है। इन हेलीकॉप्टरों के माध्यम से भारत की विमानन तकनीक, नवाचार और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की क्षमता भी प्रदर्शित होगी।
टीम के हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में एक साथ उड़ते इन हेलीकॉप्टरों की संरचनाएं दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी।
दो महिला पायलट भी होंगी शामिल
सारंग टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों महिला पायलटों की भागीदारी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि महिला पायलटों का साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। उनकी उपलब्धियां बताती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और अवसरों के जरिए बेटियां हर ऊंचाई हासिल कर सकती हैं।
युवाओं को दिया मेहनत और अनुशासन का संदेश
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य रोमांचक हवाई प्रदर्शन के साथ युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है।
उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम जरूरी है। टीम के प्रदर्शन में पायलटों का आपसी विश्वास, एकाग्रता और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का अवसर है। सारंग टीम का प्रदर्शन समारोह को विशेष राष्ट्रीय गौरव से जोड़ेगा और प्रदेशवासियों में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेगा।







