शराब नहीं मिली तो शुरू हुआ झगड़ा, दोस्ती बनी मौत की वजह


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 15 मई को सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का आरोपी मृतक का दोस्त ही निकला। पुलिस ने आरोपी अमन कुमार बसोड़ (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक 15 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई।

मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंटें बरामद हुईं। मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घटना की रात तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। 

आरोपी ने बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ और दोनों घायल भी हुए। इसके बावजूद तिलक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल तक लेकर गया। रात में दोनों सीतापुर पहुंचे और शराब तलाशने लगे। शराब नहीं मिलने पर दोनों सामुदायिक भवन के पास बैठ गए, जहां पुरानी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने कड़े से हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर तिलक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कड़ा और कपड़े बरामद किए हैं। मामले का खुलासा करने में कोतरारोड़ थाना प्रभारी शील कुमार आदित्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बाइक से गिरते ही पिकअप ने कुचला, युवक की मौके पर मौत


धमतरी।
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मगरलोड थाना क्षेत्र में हुआ, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से मगरलोड थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और युवक सड़क पर जा गिरा। 

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक गिरते ही पास से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप उसके ऊपर चढ़ गई। पिकअप का पहिया युवक के सिर पर चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हादसे की भयावहता पर दुख जता रहे हैं।

अवैध मिट्टी उत्खनन के आरोपों से घिरे भाजपा नेता अमर, VIDEO वायरल


जांजगीर-चांपा। 
TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के अकलतरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मुड़पार स्थित रामसागर डेम से लंबे समय से रात के वक्त मिट्टी उत्खनन किए जाने का आरोप भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहनों के जरिए लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे डेम की सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

बताया जा रहा है कि जब ग्रामीण विरोध करने पहुंचे तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। इस दौरान भाजपा नेता और ग्रामीणों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार रामसागर डेम से पिछले कई महीनों से रातभर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र के लोग परेशान हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनवरी महीने में भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अवैध उत्खनन पर रोक और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले में भाजपा से जुड़े नेता का नाम सामने आने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन और खनिज विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

किताब-ड्रेस के नाम पर लूट पर सरकार का बड़ा एक्शन, निजी स्कूलों की मनमानी नहीं चलेगी


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ सरकार ने निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने अशासकीय स्कूलों में फीस बढ़ोतरी, पुस्तक-गणवेश और अन्य सामग्री की खरीद को लेकर मिलने वाली शिकायतों की निगरानी के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर समितियों का गठन किया है।

स्कूल शिक्षा सचिव द्वारा जारी आदेश में सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए गठित समितियां नियमित निगरानी और जांच सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय निगरानी समिति में शामिल होंगे: - 

  1. कलेक्टर
  2. जिला शिक्षा अधिकारी
  3. सहायक आयुक्त, जीएसटी
  4. विकासखंड स्तरीय जांच दल समिति में शामिल होंगे:
  5. अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)
  6. विकासखंड शिक्षा अधिकारी
  7. जीएसटी इंस्पेक्टर

जारी आदेश में कहा गया है कि शासन के संज्ञान में यह बात आई है कि कई निजी स्कूल पालकों को किताबें, गणवेश और अन्य सामग्री केवल एक ही दुकान या फर्म से खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं। इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सरकार ने यह भी माना है कि समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों के त्वरित निराकरण और स्कूलों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। सरकार के इस फैसले को अभिभावकों को राहत देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com