रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 15 मई को सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का आरोपी मृतक का दोस्त ही निकला। पुलिस ने आरोपी अमन कुमार बसोड़ (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक 15 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई।
मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंटें बरामद हुईं। मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घटना की रात तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ और दोनों घायल भी हुए। इसके बावजूद तिलक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल तक लेकर गया। रात में दोनों सीतापुर पहुंचे और शराब तलाशने लगे। शराब नहीं मिलने पर दोनों सामुदायिक भवन के पास बैठ गए, जहां पुरानी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने कड़े से हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर तिलक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कड़ा और कपड़े बरामद किए हैं। मामले का खुलासा करने में कोतरारोड़ थाना प्रभारी शील कुमार आदित्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
