मोबाइल दुकान में घुसकर लूट: चाकू दिखाकर वारदात करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  चिखली चौकी क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान में चाकू के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आदतन बदमाश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

प्रार्थी ने चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अप्रैल की रात आरोपी सूरज वाहने अपने एक साथी के साथ उसकी मोबाइल दुकान में घुसा। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी, चाकू दिखाकर धमकाया और प्रार्थी की जेब से ₹3000 लूट लिए और दुकान के गल्ले से भी नगदी निकाल ली। जब प्रार्थी के साथी ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। मामले में पुलिस ने धारा 311, 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अधिकारियों के मार्गदर्शन में चिखली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दीनदयाल कॉलोनी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि लूट की रकम का बंटवारा कर खर्च कर दिया गया, जबकि उसके पास ₹1000 शेष मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी सूरज वाहने (29 वर्ष) के खिलाफ पहले भी लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

सुपेला डबल मर्डर: प्रेम संबंध बना खूनी वारदात की वजह, पत्नी और बेटे की हत्या


दुर्ग। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सुपेला क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस खौफनाक वारदात के पीछे प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और जुनून की कहानी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज का एसटीएफ में पदस्थ कांस्टेबल ललितेश यादव के साथ प्रेम संबंध था, जो वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से शुरू हुआ था। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जबकि कांस्टेबल पहले से शादीशुदा था। बताया जा रहा है कि सरोजनी, ललितेश यादव के साथ रहना चाहती थी, लेकिन कांस्टेबल इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

24 अप्रैल को भी आरोपी महिला कांस्टेबल के घर पहुंची थी, जहां उसकी पत्नी रीना यादव से जमकर विवाद हुआ। उस समय कांस्टेबल ने किसी तरह मामला शांत कर सरोजनी को वहां से भेज दिया। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे, जब कांस्टेबल ललितेश यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन गया हुआ था, तभी सरोजनी दोबारा उसके घर पहुंची। घर में अकेली मौजूद रीना यादव से फिर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर आरोपी महिला ने घर में रखे चाकू से रीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इसके बाद उसने 12 वर्षीय बेटी नैना यादव और 8 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव पर भी हमला किया। इस हमले में पत्नी रीना यादव की मौके पर ही मौत हो गई। 8 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव ने भी दम तोड़ दिया और 12 वर्षीय बेटी नैना यादव गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के दौरान घर में मौजूद तीसरे बच्चे ने पड़ोसी के घर भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को पकड़ लिया। इसके बाद सुपेला थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रेम संबंध, मानसिक स्थिति और घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत पूछताछ जारी है। 

नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई


रायगढ़ । 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला थाना रायगढ़ ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से स्पष्ट है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई।

जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को एक महिला ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम डूमरमुड़ा निवासी भानु सिदार (27 वर्ष) ने उसकी 12 वर्षीय बेटी के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की। घटना 22 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब बालिका घर से दुकान जाने निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची पड़ोस में आरोपी के घर के पास डरी-सहमी अवस्था में मिली। बालिका ने बताया कि रास्ते में आरोपी ने उसे रोककर छेड़छाड़ की, जिससे वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर भाग निकली। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज किया। धारा 74, 75(1)(i) बीएनएस धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके वर्तमान ठिकाने थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 56 पौवा जब्त


राजनांदगांव ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम ककरेल रोड तिराहा के पास एक युवक अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मिथलेश साहू (22 वर्ष), निवासी खुटेरी डबरापारा, थाना सोमनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी सफेद बोरी से 56 पौवा देशी रोमियों प्लेन शराब कुल मात्रा: 10.8 लीटर, अनुमानित कीमत: ₹5,600 बरामद की गई। आरोपी आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com