कुदरगढ़ धाम में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना


सूरजपुर।
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर स्थित कुदरगढ़ धाम पहुंचकर मां कुदरगढ़ी की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने माता रानी के चरणों में प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और जन-जन का जीवन सुरक्षित एवं समृद्ध बने।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व आस्था, शक्ति और नव ऊर्जा का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मकता और उत्साह का संचार करता है। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे।

कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने विकास कार्यों की दी सौगात


सूरजपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बागेश्वरी के आशीर्वाद से कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर उन्हें जिलेवासियों को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी और स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी। उन्होंने कुदरगढ़ धाम की आस्था और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे क्षेत्र की पहचान बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुशासन सरकार दूरस्थ अंचलों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा, जिससे प्रदेश के हर क्षेत्र को समान अवसर मिल सके। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस आयोजन के साक्षी बने।

पुलिस का सबसे बड़ा ड्रग्स ऑपरेशन, पंजाब से चल रहे हेरोइन सिंडिकेट का भंडाफोड़


रायपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर, आमानाका थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुनियोजित अभियान के तहत पंजाब में दबिश देकर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के क्षेत्रों से हेरोइन खरीदकर उसे रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में खपाता था। तस्करी के लिए आरोपियों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था, हेरोइन को सामान्य दिखने वाले पार्सलों में छिपाकर कुरियर के माध्यम से भेजा जाता था। वहीं बड़े स्तर पर सप्लाई के लिए ट्रकों में वैध माल की आड़ ली जाती थी। 

गिरफ्तार आरोपियों में कवलजीत सिंह पन्नू को इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे ‘टियर-1’ सप्लायर की श्रेणी में रखा है, जो सीधे पाकिस्तान से जुड़े सीमावर्ती नेटवर्क से ड्रग्स खरीदता था। पन्नू का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पूर्व में रायपुर तथा पंजाब की जेलों में रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से एक बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह सिंडिकेट हथियारों के दम पर अपना अवैध कारोबार चला रहा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार तरसेम सिंह और विक्की सिंह की भूमिका हेरोइन को पैक कर पार्सल के जरिए भेजने की थी। ये दोनों आरोपी बेहद चालाकी से मादक पदार्थों को सामान्य सामान की तरह पैक करते थे, ताकि किसी को शक न हो। वहीं जनक राज ट्रक चालकों के नेटवर्क के जरिए इस अवैध कारोबार को संचालित करता था। वह व्यापारिक माल की आड़ में लंबे समय से हेरोइन की सप्लाई करता आ रहा था।

इस पूरे मामले का खुलासा एक सुनियोजित चार चरणीय कार्रवाई के बाद हुआ। सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में रायपुर में सक्रिय स्थानीय ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरे चरण में कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिससे पंजाब कनेक्शन सामने आया।

तीसरे चरण में पुलिस टीम ने कुरियर सेवाओं और ट्रक परिवहन नेटवर्क पर फोकस करते हुए तस्करी के रास्तों और तरीकों का पता लगाया। अंततः चौथे चरण में विशेष टीम बनाकर पंजाब में छापेमारी की गई और मुख्य सप्लायर समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों, वित्तीय लेनदेन और सप्लाई चेन के विस्तार की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नशे के बड़े नेटवर्क को करारा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

--------------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। 

अंबिकापुर में ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का शुभारंभ, खेलों से जुड़कर युवा करें सपनों को साकार


अंबिकापुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शनिवार को शहर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में हुआ। 21 से 23 मार्च तक आयोजित इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव में संभाग भर के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन में देश की प्रसिद्ध पहलवान गीता फोगाट की उपस्थिति खिलाड़ियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलम्पिक 2026 में आये सभी युवा खिलाड़ियों को गीता फोगाट के अनुभव और मार्गदर्शन से प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं। सरकार की मंशा है कि प्रदेश का अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़े, अपनी प्रतिभा को पहचाने और उसे निखारते हुए आगे बढ़े। युवाओं की यही ऊर्जा और संकल्प नए छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। आयोजन के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें संभाग के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com