Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रिक्की पैनल से चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का साम्राज्य, राजा बजाज और प्रदीप खत्री गिरफ्तार

रायपुर में ठिकाना बदलकर छिपा था मास्टरमाइंड, ₹45 लाख की जब्ती


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस के विशेष अभियान “प्रहार” के तहत ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस एवं ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) की संयुक्त टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर एवं आसपास क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राजा बजाज (34) निवासी मोपका एवं प्रदीप खत्री (34) निवासी मंगला को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी राजेश बजाज पुलिस से बचने के लिए रायपुर में ठिकाना बदल-बदलकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्व में ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था। 

पुलिस के अनुसार आरोपी “रिक्की” पैनल के माध्यम से Aviator, Wingo, Casino, Horse Riding जैसे ऑनलाइन गेम्स पर सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए टेलीग्राम के जरिए देशभर में ग्राहकों को जोड़ा जाता था तथा व्हाट्सएप के माध्यम से लिंक भेजकर उन्हें प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाता था।

आरोपियों के कब्जे से ₹6.90 लाख नकद, महंगे मोबाइल फोन, एचपी पवेलियन लैपटॉप, पांच बैंक पासबुक, पांच चेकबुक, तीन कारें, एक स्कूटी एवं दो रजिस्टर जब्त किए गए हैं, जिनमें लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹45 लाख बताई जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड एवं बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन करते थे तथा मुनाफे का 65 प्रतिशत हिस्सा हेड ऑफिस और 35 प्रतिशत ब्रांच को मिलता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन मिले हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।  


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com