रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर, आमानाका थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुनियोजित अभियान के तहत पंजाब में दबिश देकर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के क्षेत्रों से हेरोइन खरीदकर उसे रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में खपाता था। तस्करी के लिए आरोपियों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था, हेरोइन को सामान्य दिखने वाले पार्सलों में छिपाकर कुरियर के माध्यम से भेजा जाता था। वहीं बड़े स्तर पर सप्लाई के लिए ट्रकों में वैध माल की आड़ ली जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में कवलजीत सिंह पन्नू को इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे ‘टियर-1’ सप्लायर की श्रेणी में रखा है, जो सीधे पाकिस्तान से जुड़े सीमावर्ती नेटवर्क से ड्रग्स खरीदता था। पन्नू का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पूर्व में रायपुर तथा पंजाब की जेलों में रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से एक बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह सिंडिकेट हथियारों के दम पर अपना अवैध कारोबार चला रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तरसेम सिंह और विक्की सिंह की भूमिका हेरोइन को पैक कर पार्सल के जरिए भेजने की थी। ये दोनों आरोपी बेहद चालाकी से मादक पदार्थों को सामान्य सामान की तरह पैक करते थे, ताकि किसी को शक न हो। वहीं जनक राज ट्रक चालकों के नेटवर्क के जरिए इस अवैध कारोबार को संचालित करता था। वह व्यापारिक माल की आड़ में लंबे समय से हेरोइन की सप्लाई करता आ रहा था।
इस पूरे मामले का खुलासा एक सुनियोजित चार चरणीय कार्रवाई के बाद हुआ। सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में रायपुर में सक्रिय स्थानीय ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरे चरण में कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिससे पंजाब कनेक्शन सामने आया।
तीसरे चरण में पुलिस टीम ने कुरियर सेवाओं और ट्रक परिवहन नेटवर्क पर फोकस करते हुए तस्करी के रास्तों और तरीकों का पता लगाया। अंततः चौथे चरण में विशेष टीम बनाकर पंजाब में छापेमारी की गई और मुख्य सप्लायर समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों, वित्तीय लेनदेन और सप्लाई चेन के विस्तार की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नशे के बड़े नेटवर्क को करारा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
--------------------------
आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं ।
आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े।
