हाईवे पर मौत से खेल रहा था राहुल, अब पहुंचा सलाखों के पीछे


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने की होड़ में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब कोनी थाना क्षेत्र में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर वाहन चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कार चालक राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक निवासी सरकंडा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई कि 24 -25 मई की दरमियानी रात मौहारपारा-निरतु रतनपुर रायपुर रोड पर एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 को बेहद तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। 

शिकायत में बताया गया कि चालक राहुल कौशिक ने कार की छत पर एक युवती को बैठा रखा था और सड़क पर स्टंटबाजी भी कर रहा था। इस दौरान युवती की जान को गंभीर खतरा था, वहीं सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोनी पुलिस ने धारा 281 बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 में मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। इस तरह की गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि खुद की और दूसरों की जान को भी जोखिम में डालती हैं। 


होटल से किराए के मकानों तक.. साइबर फ्रॉड गिरोह का नेटवर्क बेनकाब


भिलाई। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  दुर्ग पुलिस ने अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी व्हाट्सएप डीपी लगाकर कंपनी डायरेक्टर बनते थे और कर्मचारियों को झांसे में लेकर लाखों रुपये ट्रांसफर करा लेते थे। इस मामले में पुलिस ने 20 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुरली जनागल, गोपाल सोनी, मोती सिंह, मोतीलाल शर्मा, बनवारी शर्मा और पंकज शर्मा शामिल हैं। 

मामला थाना सुपेला क्षेत्र का है। प्रार्थी यश बत्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते से अज्ञात लोगों ने फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने कंपनी डायरेक्टर श्रीचन्द्र बत्रा की फोटो लगाकर अकाउंटेंट को भरोसे में लिया और रकम HDFC बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली।

जांच में सामने आया कि कंपनी के तीनों डायरेक्टरों का एक व्हाट्सएप ग्रुप था, जिसमें शाखाओं की जरूरत के अनुसार रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए जाते थे। आरोपियों ने इसी सिस्टम का फायदा उठाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करते थे। आरोपी व्हाट्सएप और जंगी ऐप के जरिए संपर्क में रहते थे और “टोकन सिस्टम” से पैसों का लेनदेन करते थे। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी रायपुर के तनिष्क होटल और अन्य किराए के ठिकानों में छिपकर साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर रायपुर के जय स्तंभ चौक और बूढ़ा तालाब इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी पंकज शर्मा ने बताया कि राजस्थान के लोगों के आधार कार्ड में स्थानीय पता अपडेट कराकर रायपुर में बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर और निकासी के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन, 10 डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।


BMW केस के बाद अब नया स्टंट, शैम्पेन लहराती युवती का VIDEO वायरल


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त टिप्पणियां कर रहा है, लेकिन बिलासपुर की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ती तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं। अब एक युवती का चलती कार के बाहर निकलकर शैम्पेन की बोतल लहराते हुए स्टंट कर रही है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने हाईवे पेट्रोलिंग और ट्रैफिक मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल इस वीडियो के सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर सड़क पर स्टंटबाजी का सिलसिला रुक क्यों नहीं रहा है । वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि युवती शैम्पेन की बोतल हाथ में लिए अपने दिन विशेष का जश्न मना रही है। कभी चलती कार की छत पर खड़ी होती है, कभी बैठकर वीडियो बनवा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स बटोरने की होड़ में युवा हाईवे को ‘रील सेट’ बना रहे हैं और अपनी ज़िंदगी के साथ-साथ दूसरों की ज़िन्दगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। यह वीडियो कब और किस जगह बनाया गया है इसकी पुष्टि टुडे छत्तीसगढ़ नहीं करता है, लेकिन यहां जो कार दिखाई दे रही है वो बिलासपुर की है जिसका नंबर सीजी 10 सीडी 1416 है। वायरल वीडियो ने पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग और ट्रैफिक मॉनिटरिंग के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस घटना में कहीं भी पुलिस हस्तक्षेप दिखाई नहीं दिया। 


सराफा कारोबारी हत्याकांड से उबाल, बाजार बंद और सड़क पर उतरे लोग


पेंड्रा | 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  (शरद अग्रवाल)  छत्तीसगढ़ के जीपीएम जिले के कोटमी में मंगलवार की देर शाम भरे बाजार में हथियारबंद लुटेरों ने एक सराफा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे सोने-चांदी के जेवरों से भरी पेटी लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्रा से मरवाही मुख्य मार्ग पर पशु चिकित्सालय के पास स्थित साईं

ज्वेलर्स के संचालक प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू हर सप्ताह की तरह मंगलवार को कोटमी के साप्ताहिक बाजार में अपनी दुकान लगाने पहुंचे थे। शाम करीब 7 बजे, जब बाजार ग्राहकों से गुलजार था, तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश लुटेरे वहां पहुंचे। लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने भीड़भाड़ वाले बाजार की परवाह किए बिना सीधे प्रदीप सोनी की दुकान पर धावा बोल दिया। दो बदमाशों के हाथों में रिवॉल्वर थी। उन्होंने पहले जेवरातों से भरी पेटी लूटने का प्रयास किया। जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया, तो लुटेरों ने उन पर रिवॉल्वर तान दी और सीधे उनकी छाती में गोली दाग दी। 

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने व्यापारी की हत्या कर करीब 25 किलो चांदी और 100 ग्राम सोना लूट लिया। लूटे गए जेवरात की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने बिलासपुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया सहित पड़ोसी जिलों में नाकेबंदी कर दी है। कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारी संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। विरोध स्वरूप गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को बंद रखने का आह्वान किया गया, जिसका व्यापक असर आज बुधवार को दिखाई दिया। आज इलाके के अधिकाँश व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वस्फूर्त बंद रहे।  इससे पहले आज सुबह जिला अस्पताल में परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में एसपी अविनाश मिश्रा द्वारा त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्डम के लिए तैयार हुए। इसके बाद तीन डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने शव को पेंड्रा के दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com