Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस का हल्लाबोल, तिफरा कार्यालय के बाहर धरना


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब कुछ कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में घुसने के लिए बाउंड्री वॉल पर चढ़ गए। स्थिति बिगड़ती देख विभाग को मुख्य गेट खोलना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार तक पहुंच गए।

गेट खुलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नौतपा की भीषण गर्मी के बीच कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार बिजली बंद होने से पेयजल संकट गहराने लगा है। वहीं भीषण गर्मी में घरों, दुकानों और छोटे कारोबारों पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है। उनका कहना था कि नौतपा शुरू होते ही तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसे समय में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। नेताओं ने सवाल उठाया कि हर साल गर्मी और बारिश से पहले बिजली व्यवस्था के रखरखाव और सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। ठेकेदारों को भुगतान भी किया जाता है, इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं दिखाई देता।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, जर्जर विद्युत ढांचे में सुधार करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।  


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा