Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अयोध्या तीर्थ यात्रा के नाम पर 75 लोगों से ठगी, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़ा व्यक्ति बताकर लोगों को अयोध्या दर्शन कराने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि उसने लगभग 75 लोगों से कुल 1 लाख 12 हजार 575 रुपये लिए, लेकिन न तो यात्रा कराई और न ही बाद में लोगों के संपर्क में रहा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान होरीलाल अनंत उर्फ राज अनंत (32 वर्ष) निवासी झझपुरीकला, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को रतनपुर थाना क्षेत्र के गोंदईया निवासी हेमंत साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने करीब एक वर्ष पहले गोंदईया और बछालीखुर्द गांव के लोगों से अयोध्या यात्रा कराने के नाम पर पैसे लिए थे। बाद में आरोपी ने लोगों के फोन उठाने भी बंद कर दिए।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद रतनपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन और पुलिस टीम की भूमिका बताई गई है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा