Slider

युवक पर हमला और एट्रोसिटी मामले में मुख्य आरोपी जेल भेजे गए

रायगढ़।  TODAY छत्तीसगढ़  /  चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में तरणजीत सिंह भाठिया और बबलू दास महंत शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 24-25 मई 2025 की रात की है। पीड़ित युवक ने थाना चक्रधरनगर में दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि वह अपनी बहन के घर ग्राम लामीदरहा से लौट रहा था। रात करीब 1:30 बजे विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास कुछ युवकों ने मोटरसाइकिल और स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया।

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों में तरणजीत सिंह, बबलू दास महंत, मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू, अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर समेत अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ हाथ-मुक्कों और हथियारों से मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक ने आरोप लगाया था कि विशेष वर्ग का सदस्य होने के कारण उसके साथ अपमानजनक व्यवहार कर मारपीट की गई।

मामले में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इससे पहले मामले में आरोपी अंकुल ठाकुर और मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। 

पुलिस ने बताया कि लगातार छापेमारी के बाद मुख्य आरोपी तरणजीत सिंह और बबलू महंत को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को एट्रोसिटी एक्ट के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com