बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर से भाजपा की एक महिला नेत्री के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं और भाजपा की सक्रिय नेत्री बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि वह विधानसभा कोटा से टिकट की दावेदारी भी कर रही थीं। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब दो वर्ष पहले दिल्ली आने-जाने के दौरान उनकी मुलाकात रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि कारोबारी ने माइनिंग कारोबार में बड़ा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया।
आपको बता दें कि भाजपा की इस नेत्री NGO भी चलाती है, सालों से उस NGO के माध्यम से महिला नेत्री सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती रही है। दुष्कर्म के मामले में पीड़िता का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए अलग-अलग किस्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये लिए। महिला का कहना है कि यह रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से आरोपी संजय सिंह को दी गई थी।
महिला ने आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। साथ ही दुष्कर्म करने और दबाव बनाकर अवैध वसूली की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस बीच ख़बर ये भी है कि आरोपी संजय सिंह रांची से फरार हो गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
