ट्रकों से डीजल चोरी कर मचाते थे आतंक, पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल लूटपाट और चोरी करने वाले संगठित गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल और नगदी रकम बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुर्रे, मणिशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज शामिल हैं। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बगडबरी गांव के निवासी हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। ट्रकों की डीजल टंकी तोड़कर ड्रम में डीजल भर लेते और विरोध करने पर मारपीट भी करते थे।

पुलिस के अनुसार 18 मई को सिरगिट्टी क्षेत्र में बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की थी। वहीं 24 मई को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर की टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया था। इससे पहले 28 मार्च को सेंदरी के पास नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पुराने मामलों का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कॉर्पियो, चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के पास से 1200 रुपये बरामद किए। इसके अलावा 74 लीटर डीजल भी जप्त किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

शराब, विवाद और मौत… पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में 16 वर्षीय किशोर के शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपियों ने शव को छिपाकर मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश में खरसिया पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई। गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 25 मई को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डड़सेना उसे अपनी पल्सर मोटरसाइकिल में बैठाकर काम कराने ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, जिसके बाद अगले दिन खेत में शव मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच तेज की। पूछताछ में ऋषि डनसेना ने बताया कि उसने मृतक को अपने साथियों चन्द्रशेखर, रघुनाथ और एक नाबालिग के पास छोड़ दिया था। बाद में फोन करने पर उसे झगड़े और मारपीट की आवाज सुनाई दी थी।

पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि सभी लोग खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।


“आज तुझे जान से मार दूंगा…” कहकर युवक पर बरसाए सब्बल के वार

दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़  / थाना नेवई पुलिस ने हत्या की नीयत से युवक पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया है।

दुर्ग जिले की नेवई पुलिस के अनुसार कुमारी टोडर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मई की सुबह करीब 6 बजे उनका बड़ा बेटा मुकेश टोडर घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और “आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा” कहते हुए मुकेश पर हमला कर दिया।

आरोप है कि आरोपी ने मुकेश टोडर के सिर पर लगातार 10 से 12 बार वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर प्रार्थिया, बहू साधना टोडर और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले में थाना नेवई में धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को स्टेशन मरोदा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी जब्त किया है।

हाईवे पर मौत से खेल रहा था राहुल, अब पहुंचा सलाखों के पीछे


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने की होड़ में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब कोनी थाना क्षेत्र में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर वाहन चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कार चालक राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक निवासी सरकंडा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई कि 24 -25 मई की दरमियानी रात मौहारपारा-निरतु रतनपुर रायपुर रोड पर एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 को बेहद तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। 

शिकायत में बताया गया कि चालक राहुल कौशिक ने कार की छत पर एक युवती को बैठा रखा था और सड़क पर स्टंटबाजी भी कर रहा था। इस दौरान युवती की जान को गंभीर खतरा था, वहीं सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोनी पुलिस ने धारा 281 बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 में मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। इस तरह की गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि खुद की और दूसरों की जान को भी जोखिम में डालती हैं। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com